Uttarakhand

सेवा व सम्मान का संगम… पूर्व ब्रिगेडियर ने राहत कोष में दिए 10 लाख, बॉडीबिल्डर प्रतिभा सम्मानित

सीएम धामी के आवास पर दिखे खास अवसर, आपदा पीड़ितों को समर्पित रही मदद, बॉडीबिल्डर का हौसला बढ़ाया

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 13 फरवरी 2026:

देहरादून में शुक्रवार को समाज सेवा और उपलब्धि की दो अलग तस्वीरें सामने आईं। एक ओर सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान दिया, वहीं दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

वसंत विहार निवासी और मूल रूप से जहरिखाल, पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर यह राशि भेंट की। बताया गया कि यह सहयोग आपदा पीड़ितों और जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए है। ब्रिगेडियर जोशी पहले भी राहत और विकास कार्यों में सहयोग देते रहे हैं। इस मौके पर उनकी पुत्री शानू जोशी भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने उनके इस कदम को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-02-13 at 2.02.54 PM

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को भी सम्मानित किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मान दिया गया। 43 वर्षीय प्रतिभा ने पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते हैं। वर्ष 2023 में राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक और 9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा की सफलता प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा है, खासकर दूरदराज के इलाकों में रहने वाली लड़कियों के लिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग देगी। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  बेंगलुरू : सुसाइड नोट लिख 35 वर्षीय व्यक्ति ने की आत्महत्या, मौत के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button