Entertainment

विजय थलापति की फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज टली…विदेशी वितरक ने दिया बड़ा अपडेट

सेंसर विवाद के बाद अब नई रिलीज डेट का इंतजार, अप्रैल से पहले सिनेमाघरों में नहीं आएगी

मनोरंजन डेस्क, 15 फरवरी 2026:

साउथ सुपरस्टार विजय थलापति की बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायकन को लेकर फैंस का इंतजार और लंबा हो गया है। लंबे समय से विवादों में घिरी इस फिल्म की रिलीज फिलहाल टाल दी गई है। अंतरराष्ट्रीय वितरक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक फिल्म 30 अप्रैल से पहले रिलीज नहीं होगी।

विदेशी वितरक ने दी नई जानकारी

विदेशी डिस्ट्रीब्यूटर यॉर्क सिनेनाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि जन नायकन की रिलीज में देरी हुई है। उन्होंने साफ किया कि अप्रैल से पहले फिल्म सिनेमाघरों में नहीं आएगी। साथ ही जिन दर्शकों ने पहले टिकट बुक किए थे, उनके लिए रिफंड और नई बुकिंग को लेकर भी जानकारी साझा की गई है।

सेंसर विवाद बना देरी की बड़ी वजह

फिल्म की रिलीज पहले सेंसर सर्टिफिकेट को लेकर अटक गई थी। सेंसर बोर्ड से मंजूरी न मिलने पर निर्माताओं ने कोर्ट का रुख किया था। मामला मद्रास हाईकोर्ट तक पहुंचा, जहां शुरुआती राहत मिली, लेकिन बाद में डिविजन बेंच ने उस आदेश पर रोक लगा दी। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा, मगर वहां सुनवाई नहीं हो सकी।

अब सेंसर की मंजूरी का इंतजार

हाल ही में फिल्म निर्माताओं ने सेंसर बोर्ड के खिलाफ दायर याचिका वापस लेने का फैसला किया है। अब फिल्म को दोबारा समीक्षा के लिए भेजा जाएगा। सेंसर बोर्ड की हरी झंडी मिलने के बाद ही नई रिलीज डेट आधिकारिक रूप से घोषित की जाएगी। जन नायकन को विजय थलापति के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। खबर है कि इसके बाद वह पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं। यही वजह है कि फैंस इस फिल्म को लेकर खासा उत्साहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button