Uttarakhand

देहरादून में जुटे प्रदेशभर के PWD कर्मचारियों का सचिवालय कूच, बैरिकेडिंग पर टकराव

पारस्परिक स्थानांतरण और पदोन्नति जैसी लंबित मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप, मांगें अनसुनी रहने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 18 फरवरी 2026:

उत्तरांचल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेशभर से आए कर्मचारियों ने बुधवार को परेड ग्राउंड से सचिवालय तक जोरदार रैली निकाली। ढोल-दमाऊ की थाप पर नारेबाजी करते हुए निकली यह रैली जैसे ही सुभाष रोड पहुंची लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कर्मचारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालांकि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी।

Dehradun Protest PWD Employees Clash with Police (1)

ये भी पढ़ें:

धरने को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत ने कहा कि पारस्परिक स्थानांतरण और पदोन्नति जैसी लंबित मांगों पर लंबे समय से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार ज्ञापन और आंदोलन के बावजूद सरकार व प्रशासन कर्मचारियों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रावत ने स्पष्ट किया कि पारस्परिक स्थानांतरण की मांग को लेकर कोई समझौता नहीं होगा और नौ फरवरी से चल रहा कार्य बहिष्कार आगे भी जारी रहेगा।

प्रांतीय महामंत्री आनंद सिंह और हेमंत सिंह ने भी सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की अपील की। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और प्रमुख अभियंता को ज्ञापन भेजकर शीघ्र निर्णय की मांग की है। प्रदर्शन में सतेंद्र सिंह, मोहन सिंह, विक्रम कुमार, सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, भूपेंद्र सिंह महर, कीर्ति बल्लभ जोशी और कमल सिंह राणा समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड : पर्वतीय क्षेत्रों में निर्माण पर रोक, सीएम धामी के निर्देश... संवेदनशील स्थलों की पहचान करें

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button