लखनऊ, 19 फरवरी 2026:
होली की खुशियां मनाने घर लौटने वालों की भीड़ ने ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी मचा दी है। खासकर लखनऊ से दिल्ली और मुंबई जाने वाले रूटों पर हालात सबसे ज्यादा तंग हैं। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली रूट की कई ट्रेनों में वेटिंग 120 तक पहुंच चुकी है, जबकि मुंबई जाने वाली गाड़ियों में यह आंकड़ा 150 के पार निकल गया है। फिलहाल हजारों यात्री कंफर्म टिकट के इंतजार में हैं।
4 मार्च को होली होने के चलते बड़ी संख्या में यात्री 6 मार्च के बाद वापसी की योजना बना रहे हैं। मगर दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोरखधाम और वैशाली जैसी प्रमुख ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। ऐसे में यात्रियों की निगाहें तत्काल कोटे की करीब 5,400 सीटों पर टिकी हैं। हालांकि जिस तेजी से वेटिंग बढ़ रही है उससे तत्काल टिकट मिलना भी आसान नहीं दिख रहा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक तत्काल कोटे की बुकिंग यात्रा से एक दिन पहले खुलेगी।
उधर मुंबई रूट पर पुष्पक एक्सप्रेस, अवध, कुशीनगर और सीतापुर-एलटीटी जैसी रेगुलर ट्रेनों में वेटिंग लगातार बढ़ रही है। यात्रियों का कहना है कि त्योहार पर घर पहुंचना अब किस्मत का खेल बन गया है।
भीड़ के दबाव को देखते हुए भारतीय रेलवे ने राहत की कोशिशें तेज कर दी हैं। रेलवे प्रशासन अब तक चंडीगढ़, पटना, कोलकाता, मुंबई, दिल्ली और वाराणसी के लिए करीब 30 होली स्पेशल ट्रेनों का एलान कर चुका है। इसके साथ ही 9 जोड़ी यानी कुल 18 स्पेशल ट्रेनों का टाइम टेबल जारी किया गया है जो 22 फरवरी से 30 मार्च 2026 तक अलग-अलग रूटों पर चलेंगी।
रेलवे का दावा है कि इन स्पेशल ट्रेनों से वेटिंग लिस्ट में फंसे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद बढ़ेगी। त्योहार के मौसम में अतिरिक्त ट्रेनें भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यात्रियों की यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम भी बनाएंगी।






