Raebareli City

घरों से छात्रों को लेकर स्कूल जा रही वैन खाई में पलटी…कई बच्चे घायल, फिक्र में डूबे अभिभावक

हरचंदपुर में महाराज गंज मोड़ के पास हुआ हादसा, 11 बच्चे जिला अस्पताल रेफर, सभी खतरे से बाहर

विजय पटेल

रायबरेली, 20 फरवरी 2026:

रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को स्कूली बच्चों से भरी वैन पलटने से अफरा तफरी मच गई। हादसे में वैन पर सवार कई बच्चे घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं हॉस्पिटल पहुंचे अभिभावक बच्चों की चिंता में डूबे रहे।

जानकारी के अनुसार सन शाइन पब्लिक स्कूल की वैन महाराजगंज की ओर से बच्चों को लेकर हरचंदपुर स्थित स्कूल जा रही थी। जैसे ही वाहन महाराजगंज मोड़ के पास पहुंचा, अचानक वैन फिसल गई और सड़क किनारे खाई में पलट गई। वैन में करीब 20 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।

ये भी पढ़ें:

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद ज्यादा चोटिल पांच वर्षीय काव्यांश राजपूत, निवासी पूरे बैशन, और 11 वर्षीय शिवम निवासी नवीगंज सहित कई बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना पाकर अभिभावक भी हॉस्पिटल पहुंच गए। अपने लाडलों की फिक्र में माता पिता घबराए दिखे। इधर, वैन चालक लक्ष्मीनंद तिवारी हादसे के बाद सदमे में बताया जा रहा है। उसने पुलिस को बताया कि उसे याद नहीं कि दुर्घटना कैसे हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  हॉस्पिटल में मरीज को देखकर लौट रहे दो युवकों की मौत... खड़े टैंकर में पीछे से टकराई बाइक

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button