Raebareli City

लखनऊ अग्निकांड के बाद हरकत में आया प्रशासन… रायबरेली में 12 कोचिंग संस्थान-लाइब्रेरी सील

अधिकारियों ने किया निरीक्षण, फायर अग्निशामक यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट, बिजली वायरिंग और भवन की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की

विजय पटेल

रायबरेली, 24 जून 2026ः

यूपी की राजधानी लखनऊ में बहुमंजिला बिल्डिंग में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत के बाद प्रदेश भर में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में रायबरेली में 12 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों को सील कर दिया गया। ये कार्रवाई मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर की गई।

एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ, एएसपी आलोक सिंह और एडीएम न्यायिक एवं सचिव रायबरेली विकास प्राधिकरण विशाल कुमार यादव ने संयुक्त रूप से कई कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फायर एक्सटिंग्विशर की उपलब्धता और कार्यशीलता, इमरजेंसी एग्जिट, बिजली वायरिंग, भवन की सुरक्षा और विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।

निरीक्षण में कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन अधूरा पाया गया। अधिकारियों ने संचालकों को तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रायबरेली विकास प्राधिकरण ने मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों को सील कर दिया।

डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, एएसपी ने कोचिंग संचालकों को सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने और आपात स्थिति में त्वरित सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button