Raebareli City

AIIMS में Pain Medicine OPD शुरू, हर तरह के दर्द से पीड़ित मरीज को मिलेगी राहत

रायबरेली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में दर्द चिकित्सा ओपीडी का कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने किया शुभारंभ, ओपीडी सप्ताह में तीन दिन होगी संचालित

विजय पटेल

रायबरेली, 23 जून 2026ः

रायबरेली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में दर्द चिकित्सा ओपीडी का शुभारंभ हुआ है। एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर विभाग द्वारा संचालित इस विशेष ओपीडी का उद्घाटन संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने किया। इस ओपीडी में दर्द से पीड़ित मरीजों को मंगलवार से इलाज मिलना शुरू हो गया है।

एम्स प्रशासन के अनुसार यह ओपीडी तीव्र व दीर्घकालिक दर्द से पीड़ित मरीजों को आधुनिक व वैज्ञानिक इलाज उपलब्ध कराएगी। कमर-गर्दन दर्द, कैंसर से जुड़े दर्द, नसों के दर्द, जोड़ों-मांसपेशियों के दर्द, ऑपरेशन के बाद लंबे समय तक बने रहने वाले दर्द और पेलिएटिव केयर से जुड़े मरीजों को यहां विशेष सेवाएं मिलेंगी। नई ओपीडी में अल्ट्रासाउंड एवं सी-आर्म निर्देशित दर्द निवारक प्रक्रियाएं, रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन (आरएफए), मिनिमली इनवेसिव पेन एंड स्पाइन इंटरवेंशन, पीआरपी, जीएफसी और बीएमएसी जैसी पुनर्योजी चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

ये भी पढ़ें:

कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन ने कहा कि इस पहल से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण व सुलभ उपचार मिलेगा और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा। वहीं, दर्द चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि दीर्घकालिक दर्द को अब एक स्वतंत्र रोग के रूप में मान्यता प्राप्त है और इसके लिए विशेष उपचार की आवश्यकता होती है। दर्द चिकित्सा ओपीडी में नियमित सेवाएं आज से शूरू हो गई हैं। यह ओपीडी सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। मंगलवार और शुक्रवार को डॉ. गिरीश कुमार सिंह व डॉ. अनिल कुमार और बुधवार को डॉ. जमील अब्दुल अलीम व डॉ. अदाबला विजय बाबू मरीजों को परामर्श देंगे।

Advertisement

इस अवसर पर डीन परीक्षा डॉ. प्रगति गर्ग, डीन अनुसंधान डॉ. अर्चना वर्मा, उप निदेशक प्रशासन कर्नल अखिलेश सिंह, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुमार धर्मेन्द्र सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. जमील अब्दुल अलीम, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गिरीश कुमार सिंह सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  पथरी के ऑपरेशन में युवक की मौत...परिजनों का अस्पताल के सामने शव रखकर प्रदर्शन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link