Uttar Pradesh

SIR : भूले तो नहीं आप…आज बूथों पर मिलेंगे BLO, नाम जुड़वाएं या गलती सुधारें

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के चौथे चरण में आज विशेष अभियान दिवस पर मिलेगा वोटर लिस्ट अपडेट कराने का मौका, प्रदेश भर के मतदान केंद्रों पर लगाए गए हेल्प डेस्क

लखनऊ, 22 फरवरी 2026:

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत मतदाता सूची को सही और अपडेट बनाने के लिए आज 22 फरवरी को प्रदेश भर में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। दावा और आपत्ति अवधि के दौरान ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

बता दें इससे पहले 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी को तीन विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। अब चौथे अभियान दिवस पर आज सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10:30 बजे से बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ मौजूद रहेंगे। उनके साथ राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों के ग्राम स्तर के कर्मचारी भी बूथ पर बैठकर लोगों की मदद करेंगे।

हर बूथ पर 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। साथ ही फार्म-6, 6A, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में रखे गए हैं। मतदाताओं की सहूलियत के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई है, जहां फार्म भरने में सहायता दी जाएगी।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 7.53.37 AM

जो नागरिक 1 जनवरी 2026 तक 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हैं, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं। किसी नाम को हटाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। आवेदन सीधे बीएलओ को दिया जा सकता है या ECINET मोबाइल एप्लीकेशन और voters.eci.gov.in के जरिए ऑनलाइन भी किया जा सकता है।

अभियान को सफल बनाने के लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और स्वयंसेवकों का भी सहयोग लिया जा रहा है। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारी लगातार भ्रमण पर रहेंगे।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लोगों से अपील की है कि आज अपने नजदीकी बूथ पर जाकर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जरूर जांच लें। पात्र होने पर तुरंत फार्म भरकर नाम जुड़वाएं या जरूरी सुधार कराएं, ताकि मतदान के समय किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button