Uttar Pradesh

International Women’s Day: महिला दिवस पर लखनऊ दर्शन बस से सैर की सौगात… देखा इतिहास व विरासत, गाइड ने भरा रोमांच

'नारी शक्ति' को समर्पित रही लखनऊ दर्शन बस सेवा, डॉक्टर, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता, इंजीनियर व गृहणियों समेत 60 महिलाओं की टोली ने लिया लुत्फ

लखनऊ, 8 मार्च 2026:

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने महिलाओं के लिए एक खास पहल की। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से संचालित लखनऊ दर्शन डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस में विशेष टूर आयोजित किया गया। इस यात्रा में 60 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया।

इस खास सैर में डॉक्टर, उद्यमी, प्राचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता, इंजीनियर और गृहणियां समेत समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं शामिल रहीं। व्यस्त दिनचर्या से अलग इन महिलाओं ने अपने शहर को एक नए अंदाज में देखा और शहर की ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होने का मौका मिला।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यूपीएसटीडीसी की लखनऊ दर्शन बस सेवा अब केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रह गई है। यह ऐसा मंच बनती जा रही है जहां पर्यटन के साथ समाज भी जुड़ रहा है। महिला दिवस के मौके पर यह पहल महिलाओं को शक्ति, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण का संदेश देती है। इस टूर के जरिए महिलाओं को उनकी व्यस्त जिंदगी से कुछ सुकून के पल देने की कोशिश की गई।

Women's Day Gift Lucknow Darshan Tour Highlights (1)

सुबह रवाना हुई बस, शहर की विरासत से कराया परिचय

रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे डबल डेकर बस रवाना हुई और दोपहर करीब 12 बजे यात्रा पूरी कर वापस पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने बस की ऊपरी मंजिल से शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों को करीब से देखा। विधानसभा परिसर और मुख्य सदन को देखना कई महिलाओं के लिए खास अनुभव रहा। रेजीडेंसी समेत कई ऐतिहासिक स्थानों की सैर ने उन्हें शहर के इतिहास से जोड़ दिया।

यात्रा के दौरान गाइड ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना ऊदा देवी की कहानी भी सुनाई। उन्होंने किस तरह आखिरी सांस तक अंग्रेजी सैनिकों का सामना किया, इसकी जानकारी सुनकर महिलाएं काफी प्रभावित हुईं। कई प्रतिभागियों ने बताया कि रोजमर्रा की जिंदगी में जिन जगहों से वे अक्सर गुजरती हैं, आज उन्हें ठहरकर समझने का मौका मिला।

डॉक्टर और मरीज ने साथ बिताए सुकून के पल

इस टूर में शामिल डॉक्टर अनन्या शर्मा ने कहा कि अस्पताल की जिम्मेदारियों के बीच अपने लिए समय निकालना मुश्किल होता है। इस यात्रा ने उन्हें अपने शहर को करीब से देखने और कुछ सुकून के पल बिताने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि इस दौरान मरीजों के साथ डॉक्टर की भूमिका से हटकर परिवार जैसा माहौल महसूस हुआ।

यात्रा में शामिल मरीज कविता सिंह ने कहा कि लंबे समय तक अस्पताल में रहना कई बार अकेलापन दे जाता है, लेकिन इस सैर ने उन्हें अपने ही शहर को नए नजरिये से देखने का मौका दिया। इससे उन्हें नई उम्मीद और ऊर्जा मिली।

टूर गाइड से मिली दिलचस्प जानकारी

पूरे सफर के दौरान बस में मौजूद गाइड ने यात्रियों को लखनऊ के इतिहास, स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कई दिलचस्प बातें बताईं। एएमयू एसोसिएशन की महासचिव शाला हक ने भी इस यात्रा को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि अक्सर वे बच्चों के लिए पिकनिक का आयोजन करती हैं, लेकिन खुद के लिए ऐसा मौका कम ही मिलता है। इस यात्रा में शहर के कई ऐसे पहलुओं के बारे में जानकारी मिली जिनके बारे में पहले नहीं पता था। यात्रा में मैक्स हेल्थकेयर के डॉक्टर व नर्स मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  उत्तर प्रदेश: राज्य औद्योगिक विकास निगम के 154 औद्योगिक क्षेत्र कर मुक्त, व्यापारी खुश

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link