Uttar Pradesh

आग से जंग के लिए बड़ी तैयारी : हर तहसील तक पहुंचेगी फायर सेवा, 10 जिलों में बन रहा स्पेशल रेस्क्यू ग्रुप

हाईराइज भवनों की सुरक्षा पर सख्ती, फायर एनओसी होगी और आसान, अग्निमित्रों के लिए बनेगा पोर्टल और मोबाइल एप

लखनऊ, 9 जून 2026:

यूपी में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग में स्पेशल रेस्क्यू ग्रुप (एसआरजी) का गठन किया जा रहा है। पहले चरण में प्रदेश के 10 जनपदों में इसकी स्थापना की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह कदम आग, दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में तत्काल एवं प्रभावी राहत कार्यों को नई मजबूती देगा।

सीएम ने विभागीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी तहसीलों तक अग्निशमन सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में प्रदेश की 350 तहसीलों में से 296 तहसीलों में 326 स्थायी अग्निशमन केंद्र संचालित हैं। इसके अलावा 26 नए केंद्र लोकार्पण के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 25 केंद्रों का निर्माण कार्य जारी है। वहीं 47 अन्य प्रस्तावित केंद्रों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने तेजी से बढ़ रहे शहरीकरण और बहुमंजिला इमारतों की संख्या को देखते हुए हाईराइज भवनों के लिए अत्याधुनिक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों, होटलों, स्कूलों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला भवनों में नियमित फायर ऑडिट कराया जाए। सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए फायर एनओसी व्यवस्था को और अधिक सरल, पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों और निवेशकों को अनावश्यक प्रक्रियात्मक बाधाओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए व्यवस्था को तकनीक आधारित और जवाबदेह बनाया जाए।

इस दौरान यह भी बताया गया कि प्रदेश के सभी ब्लॉकों में अग्निमित्र और अग्निसचेतक तैयार करने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। अब अगले चरण में इनके लिए समर्पित वेब पोर्टल और मोबाइल एप विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही सिविल डिफेंस, होमगार्ड्स और पीआरडी जैसी इकाइयों को भी इस अभियान से जोड़कर जनभागीदारी को और मजबूत किया जाएगा। सरकार का यह अभियान प्रदेश में आग से सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button