Uttar Pradesh

अयोध्या में आस्था-फिटनेस का संगम… रन फॉर राम में देशभर से पहुंचे धावक

14 कोसी परिक्रमा पथ पर आयोजित मैराथन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने लिया हिस्सा, 42 किलोमीटर दौड़ में आलोक कुमार रहे अव्वल

अयोध्या, 22 फरवरी 2026:

रामनगरी स्थित परिक्रमा पथ पर क्रीड़ा भारती की ओर से रन फॉर राम का आयोजन किया गया। देश के अलग अलग राज्यों से आए बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। करीब 42 किलोमीटर लंबी इस प्रतियोगिता में 2100 मीटर से लेकर फुल मैराथन तक की अलग अलग श्रेणियां शामिल रहीं।

राम नाम के जयकारों के बीच शुरू हुई दौड़ ने पूरे मार्ग को भक्तिमय माहौल में बदल दिया। संत कबीर नगर के धावक आलोक कुमार ने 42 किलोमीटर मैराथन में पहला स्थान हासिल कर सबका ध्यान खींचा। विजेताओं को अयोध्या नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने सम्मानित किया।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 11.09.45 AM

आयोजन से एक दिन पहले भगवान राम के जीवन प्रसंग, उनकी मर्यादा और समाज निर्माण में उनके आदर्शों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति आज भी दुनिया को दिशा देने की क्षमता रखती है और युवाओं में अनुशासन व सेवा भाव बेहद जरूरी है।

आयोजकों के अनुसार रन फॉर राम केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि आस्था, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला आयोजन है। प्रतिभागियों ने इसे आध्यात्मिक ऊर्जा और फिटनेस का अनोखा मेल बताया।

अनिल मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और राम के आदर्श युवाओं को सकारात्मक सोच की प्रेरणा देते हैं। वहीं महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या में इस तरह के कार्यक्रम शहर की आध्यात्मिक पहचान के साथ स्वस्थ समाज का संदेश भी देते हैं।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 11.09.46 AM

विजेता आलोक कुमार ने कहा कि राम नाम की ऊर्जा ने उन्हें पूरी दौड़ में हौसला दिया और अयोध्या में दौड़ना उनके लिए खास अनुभव रहा। कार्यक्रम के दौरान महिला और पुरुष वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए। इस मौके पर प्रांत प्रचारक कौशल, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह समेत क्रीड़ा भारती के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button