रायबरेली: एक पेड़ से लटके मिले युवक-युवती के शव… प्रेम प्रसंग में खुदकुशी की आशंका
मिल एरिया थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं युवक व युवती, घटना पर कुछ भी बोलने से बचते रहे परिजन, आत्महत्या की ठोस वजह का पता नहीं चला
विजय पटेल
रायबरेली, 22 फरवरी 2026:
रायबरेली जिले में रविवार सुबह युवक और युवती के शव पेड़ से फंदे के सहारे लटके मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जाहिर की गई है लेकिन किन हालातों की वजह से आत्महत्या की गई इसका पता नहीं चल सका है।
घटना मिल एरिया थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर चक पचखरा गांव के पास की है। रविवार सुबह करीब 9 बजे चिलवल के पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके हुए पाए गए। मृतक युवक की पहचान शिव बहादुर, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम दोहरी के रूप में हुई है। वहीं युवती महिमा, उम्र 20 वर्ष, इसी थाना क्षेत्र के खदरी गांव की रहने वाली बताई गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक दोनों एक दूसरे को जानते थे और प्रेम प्रसंग की चर्चा भी सामने आ रही है। ग्राम प्रधान राजीव कुमार जायसवाल ने बताया कि सुबह ग्राम सभा की ओर जाते समय उन्हें घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिवार का कोई सदस्य इस घटना को लेकर कुछ भी बोलने से कतराता रहा। ऐसे में पुलिस की तफ्तीश में ही असली कारणों का पता चलने की उम्मीद जताई जा रही है।







