Raebareli City

रायबरेली में रफ्तार का कहर : बांदा-टांडा हाईवे पर डंपर-पिकअप की भीषण भिड़ंत, तीन की मौत

लालगंज क्षेत्र में बदई का पुरवा गांव के पास रात में हुआ हादसा, जान गंवाने वाले लोग पिकअप में सवार थे, हादसे के बाद किसी तरह निकाले गए बाहर

विजय पटेल

रायबरेली, 17 फरवरी 2026:

यूपी के रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। बांदा-टांडा हाईवे पर बदई का पुरवा गांव के पास गिट्टी से लदे एक डंपर और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर कबरई से गिट्टी लादकर जा रहा था। विपरीत दिशा से पिकअप आ रही थी। बदई का पुरवा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो गया।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-02-17 at 4.06.01 PM

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। ग्राइंडर की मदद से वाहन को काटकर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय रोहित कुमार, 35 वर्षीय विपिन सरोज और 44 वर्षीय अखिलेश सरोज के रूप में हुई है। तीनों जौनपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। काम से लौटते समय हादसे का शिकार हुए।

पुलिस के मुताबिक मृतक विपिन के चाचा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि हादसे के वक्त सड़क पर रोशनी और दृश्यता की स्थिति क्या थी। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार की कीमत और सड़क सुरक्षा के सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें  राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस में फिर टली सुनवाई

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button