लखनऊ, 22 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के सीतापुर रोड स्थित शिया पीजी कॉलेज मैदान पर रविवार को सिविल डिफेंस के लोहियानगर प्रखंड की टीमों के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबला खेला गया। 12-12 ओवर के इस मैत्रीपूर्ण मैच में लोहियानगर रॉयल्स और लोहियानगर टाइगर्स आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम के ओपनर चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्रा और गुरप्रीत शेट्टी ने पारी की शुरुआत की। सामने से सुनील कुमार तिवारी ने सधी हुई गेंदबाजी से दबाव बनाया।
मध्यक्रम में विमल कुमार वर्मा ने शानदार 58 रनों की पारी खेलते हुए रॉयल्स को सम्मानजनक 137 रनों तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइगर्स की शुरुआत मजबूत रही। डॉ. पंकज कुमार और अनुभव द्विवेदी ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। अनुभव द्विवेदी ने मात्र 30 गेंदों में 68 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया।

इसके बाद आशुतोष मिश्रा ने एक ही ओवर में चार छक्के जड़ते हुए 25 रन बनाकर जीत को लगभग सुनिश्चित कर दिया, हालांकि वह आउट हो गए। अंत में रितुराज रस्तोगी ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर टीम को 2 ओवर शेष रहते 7 विकेट से शानदार जीत दिला दी। फील्डिंग में मनोज वर्मा की चुस्ती और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाना टीम के लिए निर्णायक साबित हुआ।
समापन समारोह में नागरिक सुरक्षा लखनऊ की एडीसी रेखा पांडे ने विजेता टीम के कप्तान नबी हसन को ट्रॉफी सौंपी। उपविजेता टीम के कप्तान आमिर अब्बास को नवल किशोर त्रिपाठी ने सम्मानित किया। ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार अनुभव द्विवेदी और ‘बेस्ट बॉलर’ का खिताब पंकज पंत को प्रदान किया गया। आयोजन में उपस्थित अतिथियों का प्रतीकचिन्ह देकर सम्मान किया गया। अंपायर अनंत सिंह तोमर और मुनीम पांडेय के निष्पक्ष फैसलों ने मुकाबले की गरिमा बनाए रखी।







