Uttarakhand

शिक्षा निदेशालय की घटना पर सीएम से मिले कर्मचारी, धामी ने कहा…ऑफिसों की सुरक्षा को बनेगी एसओपी

शिक्षा निदेशालय में निदेशक के साथ भाजपा विधायक के समर्थकों ने की थी मारपीट, सीएम ने घटना के बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर दिया जोर

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 23 फरवरी 2026:

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को सुरक्षा के लिए स्टैंडर्ड आपरेटिंग प्रोसीजर यानी एसओपी तैयार करने को कहा है।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने सीएम आवास पर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 21 फरवरी को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर सरकारी कर्मियों के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए ऐसी वारदातों पर रोक लगाने की मांग उठाई।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान सम्मान और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने मुख्य सचिव से फोन पर बात कर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को भी निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और इस तरह की घटनाओं में तुरंत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिक्षा निदेशालय की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है। इस दौरान राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, मोर्चा अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button