Uttarakhand

बारिश से टूटी सड़क पर मंत्री का एक्शन, अफसरों को अल्टीमेटम- काम में अब नहीं चलेगी देरी

गणेश जोशी ने देहरादून के खालागांव में क्षतिग्रस्त ग्रामीण मार्ग का किया निरीक्षण, 30 लाख रुपये स्वीकृत, सुरक्षा दीवार और चेक डैम निर्माण के भी दिए निर्देश

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 2 जुलाई 2026:

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त हो रहे संपर्क मार्गों को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बृहस्पतिवार को देहरादून के खालागांव पहुंचकर भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों को पुनर्निर्माण कार्य में किसी भी तरह की देरी न करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सड़क को हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने डीएम डॉ. आशीष चौहान को क्षतिग्रस्त सड़क और सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का इस्टीमेट तत्काल तैयार कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए प्रभावित मार्ग को जल्द बनाना जरूरी है जिससे ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही खालागांव के नाले में चेक डैम निर्माण के लिए शीघ्र इस्टीमेट तैयार करने को कहा। उनका कहना था कि चेक डैम बनने से बरसात के दौरान तेज जल प्रवाह से होने वाले नुकसान में कमी आएगी। क्षेत्र को दीर्घकालिक सुरक्षा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि डीएम द्वारा मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है। अब निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सरकार का लक्ष्य ग्रामीणों को जल्द सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सुंदर सिंह सहित प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button