हरिद्वार, 23 फरवरी 2026:
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को रफ्तार देने के लिए मेला प्रशासन ने मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। सोमवार को मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ नगरी के अलग अलग क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को समय रहते सभी जरूरी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में देश विदेश से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था पहले से मजबूत और साफ योजना के साथ तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और हर व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने को कहा।
अधिकारियों के साथ चर्चा में व्यवस्थाओं की व्यवहारिकता, संभावित दिक्कतों और उनके समाधान पर विस्तार से बात हुई। इस दौरान बैरागी कैंप, दक्ष क्षेत्र, जगजीतपुर, गौरीशंकर क्षेत्र और नजीबाबाद मार्ग स्थित कुंभ नगरी के प्रवेश स्थल प्वाइंट 4.2 का निरीक्षण किया गया।

मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी चिन्हित अस्थायी पार्किंग स्थलों का समय पर समतलीकरण कराया जाए, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था हो और संपर्क मार्ग मजबूत बनाए जाएं। उन्होंने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु शहर के अंदरूनी हिस्सों में भीड़ बढ़ाए बिना सीधे निर्धारित स्नान घाटों तक आसानी से पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में बन रही रिंग रोड और नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक और पार्किंग की योजना में जरूरी बदलाव भी किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अभय सिंह ने भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की प्रस्तावित योजना की जानकारी दी, जबकि उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में की जाने वाली व्यवस्थाओं का खाका अधिकारियों के सामने रखा।






