Uttarakhand

110 दिन बाद रुका PRD कर्मियों का आंदोलन, Cabinet में मांगें ले जाने के भरोसे पर धरना स्थगित

होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ डीए लागू करने की रखी थी मांग, पूरे साल 365 दिन रोजगार देने का मुद्दा भी उठाया, खेल मंत्री के आश्वासन के बाद संगठन ने बदला निर्णय

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 7 जुलाई 2026:

करीब 110 दिनों से चल रहा प्रांतीय रक्षक दल (PRD) कर्मियों का बेमियादी धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। संगठन ने यह फैसला अपनी दो प्रमुख मांगों पर सरकार से सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद लिया। अब इन मांगों को Cabinet में रखने का आश्वासन दिया गया है।

मंगलवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत और महासचिव बीर सिंह रावत ने बताया कि सोमवार शाम खेल व बाल विकास एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या को ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें होमगार्ड की तर्ज पर PRD जवानों को मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (DA) देने और सालभर 365 दिन नियमित रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।

संगठन के मुताबिक मंत्री ने दोनों मांगों को Cabinet में रखने का भरोसा दिया। इसके बाद मंत्री के निर्देश पर युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त निदेशक धरना स्थल पहुंचे, जहां प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत हुई। अधिकारियों ने भी दोनों मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संगठन का कहना है कि मंत्री और अधिकारियों से मिले भरोसे के आधार पर फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। यदि तय समय में मांगों पर आगे कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन आगे की रणनीति पर फैसला लेगा।

इस दौरान संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी विनोद तोमर, जिलाध्यक्ष नवीन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतेन्द्र नौगांई, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर तोमर, अंकित तोमर, सीताराम, राहुल कुमार, अनिल दत्त, चरण सिंह चौहान, चमन सिंह तोमर, रिंकू सिंह, दीपा रावत, उजला रावत, निशा असवाल व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button