सिंगापुर/लखनऊ, 23 फरवरी 2026:
सिंगापुर में बसे भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की बदली हुई तस्वीर दुनिया के सामने रखी। उन्होंने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी दंगों और कर्फ्यू के लिए पहचाना जाता था, वही आज विकास, निवेश, आस्था, औद्योगिक प्रगति और वैश्विक विश्वास का केंद्र बन चुका है। अब वह दंगों वाला यूपी नहीं रहा। आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा… अब यूपी में सब चंगा है। उनके इन शब्दों पर प्रवासी भारतीयों ने तालियों के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को आगामी होली की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश बीते नौ वर्षों में सुशासन, प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण व्यापक बदलाव का साक्षी बना है। कभी असुरक्षा और अराजकता की पहचान रहे प्रदेश ने आज कानून-व्यवस्था, निवेश और विकास के मॉडल के रूप में नई पहचान बनाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत और विकास के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे प्रदेश ने जमीन पर उतार कर दिखाया है।

सीएम योगी ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को विकास से जोड़ने की चर्चा करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नही बल्कि भारत की सांस्कृतिक मर्यादा और आत्मगौरव का प्रतीक है। काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास हमारी शाश्वत परंपराओं को आधुनिक स्वरूप देता है। मथुरा-वृंदावन की पावन भूमि भक्ति और अध्यात्म की जीवंत अभिव्यक्ति है। उन्होंने महाकुंभ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां करोड़ों श्रद्धालु एक साथ संगम में आस्था की डुबकी लगाते हैं। न कोई बड़ा, न छोटा, यही भारत की आत्मा और शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रणनीतिक नीतियों और सुशासन के चलते प्रदेश की अर्थव्यवस्था नौ वर्षों में तीन गुना बढ़ी है। प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 34 से अधिक सेक्टोरल नीतियां लागू हैं। 75 हजार एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है। क्लस्टर आधारित औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए गए हैं। निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था ने निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि आज भारत में बनने वाले मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का करीब 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

प्रवासी भारतीयों की भूमिका पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि हजारों किलोमीटर दूर रहते हुए भी भारतीय अपनी जड़ों और मूल्यों से जुड़े रहते हैं। वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना भारत की वैश्विक सोच की पहचान है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को इसी चिंतन की आधुनिक अभिव्यक्ति बताया और निवेश, पर्यटन व औद्योगिक साझेदारी के लिए उत्तर प्रदेश आने का आमंत्रण दिया।
सीएम योगी ने कहा कि आत्मविश्वास से भरा नया भारत विश्व मंच पर अपनी क्षमता का परिचय दे रहा है और आने वाला समय उत्तर प्रदेश के लिए अपार संभावनाएं लेकर आएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त एवं एसीएस फाइनेंस दीपक कुमार, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक एन अंबुले और ग्लोबल इंडियन स्कूल के संस्थापक अतुल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






