एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 26 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को एक धार्मिक आयोजन ने अस्थायी तौर पर पूरा कर दिखाया है। राधा स्वामी सत्संग व्यास परिसर में 28 फरवरी और 1 मार्च को होने वाले दो दिवसीय प्रवचन कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक सप्ताह के लिए कई एक्सप्रेस ट्रेनों का मोहनलालगंज स्टेशन पर अस्थायी ठहराव तय किया है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इस फैसले से स्थानीय लोगों में खुशी है लेकिन साथ ही व्यवस्था पर व्यंग्य भी सुनाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दशकों से वे ट्रेन ठहराव की मांग करते आ रहे हैं लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं मिल सका। लोगों ने कटाक्ष करते हुए कहा कि काश रोज ऐसे आयोजन होते रहें, तो कम से कम हमारी ट्रेनें तो रुकें।

स्थानीय निवासी अरुणेश सिंह और ऋषि मिश्रा ने बताया कि यह मुद्दा हर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जोर-शोर से उठता है। चुनावी सभाओं में जनप्रतिनिधि आश्वासन देते हैं लेकिन चुनाव बीतते ही मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि गंभीर पहल करें तो स्थायी रूप से ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराया जा सकता है। इससे छात्रों को पढ़ाई के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में राहत मिलेगी और व्यापारियों के लिए भी संपर्क बेहतर होगा।
दो दिवसीय सत्संग के चलते लागू की गई यह अस्थायी व्यवस्था लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि जब कुछ दिनों के लिए ट्रेनें रोकी जा सकती हैं तो स्थायी समाधान क्यों नहीं? ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस मौके को अवसर बनाकर मोहनलालगंज में स्थायी ट्रेन ठहराव सुनिश्चित कराया जाए जिससे वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके।






