Lucknow City

लखनऊ कैंट क्षेत्र में सपा का शक्ति प्रदर्शन, 11 वार्डों में मतदाता कैंपों के जरिए 2027 की तैयारी तेज

मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद, पूर्व विधायक विनय तिवारी और पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय ने किया मतदाता कैंपों का निरीक्षण

लखनऊ, 31 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के कैंट विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। कैंट क्षेत्र के 11 वार्डों में एक साथ मतदाता कैंपों का आयोजन कर सपा ने संगठन को सक्रिय करने के साथ वोटरों से सीधा संवाद किया। इन कैंपों के जरिए मतदाता सूची से जुड़े कार्यों के साथ-साथ पार्टी की नीतियों और आगामी रणनीति को जमीन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

मतदाता कैंपों की समीक्षा के लिए पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी और पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने गीतापल्ली, बाबू कुंज बिहारी ओमनगर, गुरूनानक नगर, रामजीलाल सरदार पटेल नगर, चित्रगुप्त नगर, केसरी खेड़ा, अम्बेडकर नगर, मोतीझील-नेहरू नगर-चन्द्रभानु गुप्त नगर, गुरु गोविन्द सिंह नगर, बाबू बनारसी दास वार्ड और छावनी परिषद तोपखाना क्षेत्र में पहुंचकर कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान अभियान में लगे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए गए।

पार्टी नेताओं ने संदेश दिया कि समाजवादी पार्टी 2027 में प्रदेश की अन्य विधानसभा सीटों के साथ लखनऊ कैंट को भी बड़े अंतर से जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस संदेश के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और सपा कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिल रहा है।

मतदाता कैंपों में व्यापारी नेता पवन मनोचा, राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक बाजपेयी, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, सपा नेत्री पूजा शुक्ला, पार्षद देवेन्द्र सिंह यादव, सुभाष रावत, पूर्व पार्षद अरविन्द यादव सहित कई नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button