Lucknow City

लखनऊ में अवैध निर्माण पर कसा शिकंजा, LDA ने चलाया अभियान, 6 इमारतें सील

चौक, अमीनाबाद, डालीगंज, हुसैनगंज और नाका क्षेत्रों में की गई कार्रवाई, आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के निर्माणों पर हुआ एक्शन

लखनऊ, 25 मार्च 2026:

यूपी राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का सख्त अभियान लगातार जारी है। एलडीए के प्रवर्तन जोन-6 और जोन-7 की टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए 6 अवैध निर्माणों को सील कर दिया। यह अभियान एलडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर चलाया गया। इससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।

प्रवर्तन जोन-6 के तहत अमीनाबाद, डालीगंज, हुसैनगंज और नाका क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह के अनुसार अमीनाबाद के जंगलीगंज क्षेत्र में मोहम्मद फैजान द्वारा लगभग 150 वर्गमीटर में अवैध आवासीय निर्माण किया जा रहा था। वहीं, डालीगंज के केसरीपुरम में पंकज कुमार और अन्य द्वारा 148 वर्गमीटर क्षेत्र में व्यावसायिक भवन तैयार किया जा रहा था।

WhatsApp Image 2026-03-25 at 8.25.34 AM

इसी क्रम में हुसैनगंज के कैंट रोड पर राजेन्द्र कुमार द्वारा 110 वर्गमीटर और हैवलक रोड पर इरफान द्वारा करीब 80 वर्गमीटर क्षेत्र में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा नाका के ऐशबाग पुल के पास सर्विस रोड पर सरदार रंजीत सिंह और अन्य द्वारा लगभग 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। इन सभी मामलों में न्यायालय के आदेश के बाद कार्रवाई करते हुए निर्माणों को सील कर दिया गया।

वहीं, प्रवर्तन जोन-7 की टीम ने चौक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि नादान महल रोड पर हीना कौसर, शकील अहमद और अन्य की ओर से करीब 418 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में इस निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स को भी सील कर दिया गया। एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button