Lucknow City

दरोगा भर्ती दौड़ के चलते लखनऊ में ट्रैफिक अलर्ट… कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

आज 10KM क्रॉस कंट्री और रविवार को 42KM की मैराथन के चलते शहर के कई मार्गों पर बदला रहेगा ट्रैफिक, वैकल्पिक रूट से चलने की सलाह

लखनऊ, 28 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में आज और रविवार को आयोजित हो रही दरोगा भर्ती की शारीरिक परीक्षा के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आज 10 किलोमीटर क्रॉस कंट्री और रविवार सुबह 42 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार पीएसी हेड तिराहा से वाहनों का आवागमन पीएसी गेट नंबर-2 और सर्वोदयनगर वन-वे की ओर पूरी तरह बंद रहेगा। इस रूट के लिए अयोध्या रोड से डायवर्जन किया गया है। रहीमनगर चौराहा से सर्वोदय नगर पुल की ओर जाने वाला ट्रैफिक वायरलेस चौराहा के रास्ते भेजा जाएगा।

कल्याण अपार्टमेंट तिराहा से सर्वोदयनगर जाने वाले वाहनों को खुर्रमनगर और सेक्टर-25 चौराहा होकर गुजरना होगा। सेंट्रल एकेडमी तिराहा से आरआर बंधा और शक्तिनगर ढाल की दिशा में वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी और ग्रीन कॉरिडोर का उपयोग किया जाएगा।

इसी तरह आरआर बंधा चौराहा और शक्तिनगर ढाल के बीच ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। कुकरैल ओवरब्रिज और सर्वोदयनगर की ओर जाने वाले वाहनों को निशातगंज और पॉलिटेक्निक चौराहा के रास्ते भेजा जाएगा।

इसके अलावा जी-20 तिराहा (शहीद पथ) से पिपराघाट तिराहा तक का मार्ग भी बंद रहेगा। इस रूट पर चलने वाले वाहन एसएसबी रैंप और हुसड़िया अंडरपास से निकलेंगे। जनेश्वर मिश्र पार्क गोल चक्कर से पिपराघाट की ओर जाने वाला ट्रैफिक ताज अंडरपास के जरिए डायवर्ट किया गया है।

यातायात पुलिस ने लोगों से कहा है कि वे घर से निकलने से पहले डायवर्जन प्लान की जानकारी लेकर ही यात्रा करें। वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें जिससे असुविधा से बचा जा सके।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button