लखनऊ, 7 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के छठवें दिन जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने लक्ष्मण टीला और भगवान लक्ष्मण के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया। सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई में कथा का रसपान करा रहे रामभद्राचार्य ने कहा कि लखनऊ की पहचान नवाबों से नहीं बल्कि लक्ष्मण के नाम से है और लक्ष्मण टीला पर भगवान लक्ष्मण का भव्य मंदिर अवश्य बनेगा।
कथा के दौरान उन्होंने कहा कि अक्सर लोग लखनऊ को नवाबों का शहर बताते हैं लेकिन अब वह दौर बीत चुका है। उन्होंने कहा कि लखनऊ की वास्तविक पहचान भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण से है। लखनऊ लक्ष्मणपुर से जाना जाता है। यहां आज भी लक्ष्मण टीला है। लक्ष्मण टीला को हम तब लक्ष्मण टीला कहेंगे जब इस पर लक्ष्मण कुमार का भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा।
रामभद्राचार्य ने कहा कि जब वहां भगवान लक्ष्मण का भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा तभी वह स्थान अपने वास्तविक स्वरूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायालय का फैसला हिंदू पक्ष के पक्ष में आएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वह स्वयं अदालत में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए तैयार हैं।

रामभद्राचार्य ने कहा, मुझे लगता है कि मेरी अगली कथा लखनऊ में उसी समय होगी जब लक्ष्मण जी का मंदिर तैयार हो जाएगा। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के वनवास और चित्रकूट प्रवास का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि चित्रकूट केवल एक धार्मिक तीर्थ नहीं बल्कि त्याग, तपस्या, सेवा और लोकमंगल की पावन भूमि है।
भगवान श्रीराम के वनवास काल की अनेक महत्वपूर्ण घटनाएं चित्रकूट से जुड़ी हैं जिसके कारण यह भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। इस अवसर पर रामभद्राचार्य ने जाग रहा गोमती तट उर्मिला बिहारी… भजन भी प्रस्तुत किया जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्यासपीठ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कथा सुनने के लिए नैमिषारण्य के पीठाधीश्वर स्वामी उपेन्द्रानंद सरस्वती, राज्यसभा सांसद एवं पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, आयोजन से जुड़े स्थानीय भाजपा विधायक डॉ. नीरज बोरा, हास्य कवि सर्वेश अस्थाना, समाजसेविका बिंदू बोरा समेत कई विशिष्ट लोग मौजूद रहे। आयोजन से जुड़े डॉ. एसके गोपाल के मुताबिक श्रीराम कथा सुनने के लिए आज शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने की संभावना है।






