विजय पटेल
रायबरेली, 28 मार्च 2026:
विदेश यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। एम्स रायबरेली में येलो फीवर टीकाकरण केंद्र शुरू हो गया है। इस सुविधा के चालू होने से रायबरेली समेत आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, खासकर उन यात्रियों को जिन्हें कई देशों में प्रवेश के लिए यह टीका लगवाना जरूरी होता है।
केंद्र का शुभारंभ संस्थान की कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने किया। इस दौरान सामुदायिक चिकित्सा और जनस्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. भोला नाथ ने बताया कि येलो फीवर एक गंभीर वायरल बीमारी है, जो मच्छरों के जरिए फैलती है। कई देशों में जाने से पहले इसका टीकाकरण अनिवार्य है, ऐसे में यह केंद्र यात्रियों के लिए काफी मददगार रहेगा।

टीकाकरण केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश शुक्ला ने बताया कि देश में करीब 70 अधिकृत येलो फीवर टीकाकरण केंद्र हैं और अब एम्स रायबरेली भी इस सूची में शामिल हो गया है। यह उत्तर प्रदेश का चौथा अधिकृत केंद्र है। यहां विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार टीकाकरण किया जाएगा और लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य पीला कार्ड जारी किया जाएगा।
यह सुविधा सिर्फ रायबरेली तक सीमित नहीं रहेगी। प्रतापगढ़, अमेठी, प्रयागराज और उन्नाव के लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा। अब उन्हें टीकाकरण के लिए दूर शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस मौके पर डीडीए कर्नल अखिलेश सिंह, एफए कर्नल यूएन राय, आंतरिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. मधुकर मित्तल, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रबल जोशी, जैव रसायन विभागाध्यक्ष डॉ. संजय यादव, डीएमएस डॉ. अरुणप्रीत कौर और डॉ. केडी सिंह समेत कई वरिष्ठ डॉक्टर व अधिकारी मौजूद रहे।






