राजकिशोर तिवारी
काकड़ी घाट (अल्मोड़ा), 28 मार्च 2026:
कुमाऊं क्षेत्र के प्राचीन कर्कटेश्वर महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने के मकसद से शनिवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमि पूजन किया। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंदिर के विकास के लिए 4.98 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
भूमि पूजन के बाद रेखा आर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद से जुड़े पवित्र स्थलों का संरक्षण और विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि काकड़ी घाट जैसे आध्यात्मिक केंद्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी कर रही है।

उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या की तरह उत्तराखंड के पौराणिक और प्राचीन मंदिरों को विकसित किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद मंदिर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं व व्यवसायियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊं क्षेत्र के कई पुराने मंदिरों को भी विकसित किया जा रहा है। कर्कटेश्वर महादेव मंदिर, जो कत्यूर कालीन है, स्वामी विवेकानंद की तपस्या स्थल होने की वजह से विशेष महत्व रखता है। भूमि पूजन कार्यक्रम में हरीश परिहार, विमला रावत, बिशन कनवाल, गोपाल दत्त सती, भुवन सिंह फर्त्याल, देवकीनंदन कांडपाल, गोपाल सिंह, देव राम, हेम बिष्ट, जानकी देवी और भुवन चंद जोशी मौजूद रहे।






