लखनऊ/ग्रेटर नोएडा, 30 मार्च 2026:
स्किल इंडिया मिशन के तहत राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में उत्साह और जोश के साथ हुआ। देशभर से आए करीब 650 प्रतिभागी 63 विभिन्न कौशलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को स्किल भारत के विजन का जीवंत रूप दिया है।
यह प्रतियोगिता प्रतिभाओं का मंच बनने के साथ ही भारत की उभरती स्किल इकोनॉमी की ताकत को भी दर्शा रही है। यूपी में सीएम योगी के नेतृत्व में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से लाखों युवाओं को ट्रेनिंग, अप-स्किलिंग और रोजगार से जोड़ा जा चुका है।

कार्यक्रम में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि स्किलिंग एक सतत प्रक्रिया है। यह निरंतर अभ्यास और समर्पण से निखरती है। उन्होंने प्रतिभागियों को स्किल आइकॉन बताते हुए कहा कि यहां तक पहुंचना ही एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कौशल विकास केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित नहीं है बल्कि यह देश के समग्र विकास से जुड़ा हुआ है।
मंत्रालय की वरिष्ठ सलाहकार मनीषा शर्मा ने बताया कि भारत वर्तमान में वर्ल्ड स्किल्स रैंकिंग में 13वें और एशिया में 8वें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि स्किलिंग, री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग के जरिए युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कुमार पिल्लई के उद्घाटन भाषण से हुई। इसमें उन्होंने कौशल विकास को देश की प्रगति का आधार बताया और युवाओं को उत्कृष्टता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में निगम के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रशांत सिन्हा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
आयोजन का आकर्षण विभिन्न राज्यों की टीमों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट रहा जिसने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और रंगीन बना दिया। वहीं शपथ ग्रहण समारोह में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की प्रतिभागी साधना ने सभी प्रतिभागियों को निष्पक्षता, ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।






