राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 4 अप्रैल 2026:
चारधाम यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का कहना है कि व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और दर्शन आसानी से हो सकें। समिति के मुताबिक अब तक 11 लाख 68 हजार से अधिक यात्रियों के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुलेंगे। केदारनाथ धाम 22 अप्रैल से और बद्रीनाथ धाम 23 अप्रैल से श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। यात्रा को लेकर इस बार रिकॉर्ड पंजीकरण देखने को मिल रहा है। तीन अप्रैल तक 11 लाख 68 हजार 644 लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा करीब 3.93 लाख श्रद्धालु केदारनाथ के लिए हैं।
बद्रीनाथ के लिए 3.45 लाख, गंगोत्री के लिए 2.13 लाख और यमुनोत्री के लिए 2.08 लाख से ज्यादा लोग पंजीकरण करा चुके हैं। इन आंकड़ों को देखते हुए इस बार यात्रा में भारी भीड़ रहने की संभावना है। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई नए इंतजाम किए जा रहे हैं। जल्द ही मंदिर समिति की वेबसाइट के जरिए घर बैठे पूजा बुकिंग की सुविधा शुरू होगी। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। मंदिर परिसर के 70 मीटर के दायरे में मोबाइल ले जाने पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिसर में लॉकर की व्यवस्था की जा रही है, ताकि लोग अपना सामान सुरक्षित रख सकें। इस बार दर्शन व्यवस्था को पहले से ज्यादा सरल बनाने की तैयारी है, जिससे लंबी कतार और अव्यवस्था से बचा जा सके। समिति का कहना है कि प्रशासन, तीर्थ पुरोहित के सहयोग से यात्रा की तैयारियां तय समय पर पूरी कर ली जाएंगी।






