लखनऊ, 7 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। चिनहट के जुग्गौर क्षेत्र में पहुंची एलडीए की टीम को उस वक्त विरोध का सामना करना पड़ा, जब वह अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के मुताबिक गौतम सिंह व अन्य द्वारा किसान पथ के पास करीब 10 बीघा जमीन पर बिना स्वीकृति अवैध प्लाटिंग कर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्लॉट काटने के साथ तीन रो-हाउस भवनों का निर्माण भी तेजी से चल रहा था। इस मामले में विहित न्यायालय ने पहले ही ध्वस्तीकरण के आदेश जारी कर दिए थे।

इसी क्रम में अवर अभियंता विपिन बिहारी राय और राहुल विश्वकर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क, नाली और प्लॉटों के डिमार्केशन के लिए की गई ईंट की चुनाई को ध्वस्त करना शुरू किया। टीम ने अवैध रो-हाउस को भी गिराने की कार्रवाई शुरू कर की तभी कुछ लोग मौके पर पहुंच गए और अभियान रोकने का दबाव बनाने लगे।
टीम ने कार्रवाई नहीं रोकी तो आक्रोशित लोगों ने घेराव कर हमला करने की कोशिश की। इसके चलते सुरक्षा कारणों से अभियान को बीच में ही रोकना पड़ा। एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही नई तारीख तय कर पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा अभियान चलाया जाएगा और सभी अवैध निर्माण पूरी तरह ध्वस्त किए जाएंगे। एलडीए ने साफ किया है कि किसान पथ और वेलनेस सिटी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध प्लाटिंग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उधर प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि सैरपुर के पलहरी गांव (आईआईएम रोड) और रैथा रोड पर भी बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण किए जा रहे थे। उन्हें सील कर दिया गया। खदरा के फैजुल्लागंज में मोहम्मद शाजिद खान द्वारा बनाए जा रहे अवैध आवासीय भवन पर भी कार्रवाई करते हुए उसे बंद कर दिया गया।






