
लखनऊ, 12 जुलाई 2026:
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक लंबे पोस्ट में राजभर ने बलिया में अपने खिलाफ हुए प्रदर्शन को लेकर अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लिया और कई तीखे आरोप लगाए।
राजभर ने लिखा, ‘मित्र अखिलेश यादव जी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए। क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं और सच आपको पच नहीं रहा।’ उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सोच हमेशा से गैर-यादव ओबीसी समाज के प्रति उपेक्षापूर्ण रही है।
उन्होंने कहा कि वह मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से डरने वालों में नहीं हैं। राजभर ने लिखा कि उन्हें काला रंग पसंद है और विपक्ष जितना चाहे प्रदर्शन कर ले। उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा, ‘अगर दम है तो लोकतांत्रिक तरीके से लड़िए, चुनाव मैदान में आइए। काला, लाल, हरा जो दिखाना है दिखा लीजिए लेकिन भगवा फिर भी लहराता रहेगा।’
राजभर ने आगे चेतावनी दी कि यदि उनके समर्थकों और जनता ने जवाब में सड़क पर उतरने का फैसला किया तो विपक्ष संभल नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि वह संघर्ष से निकले नेता हैं और सपाई गुंडों से डरने वाले नहीं हैं। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव से अपने कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने की नसीहत देते हुए कहा कि यह योगी सरकार है, गुंडों का इलाज बेहतर ढंग से करना जानती है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से ओमप्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर आक्रामक बयानबाजी कर रहे हैं। इससे दोनों दलों के बीच सियासी टकराव लगातार तेज होता जा रहा है।






