एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 8 अप्रैल 2026:
यूपी राजधानी लखनऊ के निगोहां इलाके में मृत मिले युवक की हत्या की गई थी। बाबूखेड़ा मार्ग पर सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिले शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। रिपोर्ट में शरीर पर एंटीमॉर्टम इंजरी सहित आधा दर्जन से अधिक चोटों के निशान मिलने से स्पष्ट हुआ कि युवक की हत्या की गई थी। इस मामले में परिजनों के हाथ तमाम ग्रामीणों ने निगोहां थाने का घेराव किया।
नदौली गांव निवासी 22 वर्षीय रैकिश सोमवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की मगर कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह बाबूखेड़ा मार्ग पर गैस गोदाम के पास उसका शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रैकिश के रूप में की।

पुलिस ने मृतक के भाई लवकुश की तहरीर पर रैकिश के साथी मजदूर धर्मराज उर्फ टाटू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की हालत में हुए विवाद के बाद हत्या की घटना को अंजाम दिया गया और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
परिजनों के अनुसार रैकिश गांव के ही धर्मराज उर्फ टाटू और ब्रम्हदासपुर निवासी मिस्त्री नंदकिशोर के साथ मजदूरी करने गया था। सोमवार रात करीब 8 बजे जब लवकुश ने रैकिश को फोन किया तो दूसरी ओर से झगड़े और शोर-शराबे की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके कुछ ही देर बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
घटनास्थल से मृतक का मोबाइल, टिफिन और चप्पल गायब मिले। इससे परिजनों ने लूटपाट के बाद हत्या की आशंका भी जताई है। घटना से आक्रोशित परिजन बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से निगोहां थाने पहुंचे और घेराव कर आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की। हालांकि एसओ के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत होकर लौट गए। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।






