देहरादून में लोक सेवा को नई रफ्तार : बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास, एक ही परिसर में मिलेंगी कई सुविधाएं
पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप बनेंगे चार भवन, स्वास्थ्य, सूचना और प्रशासनिक सेवाओं का होगा समेकन
योगेंद्र मलिक
देहरादून, 16 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लोक सेवा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) एवं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लोक भवन परिसर में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास किया।
इस परियोजना के तहत लोक भवन परिसर में चार अलग-अलग भवनों का निर्माण किया जाएगा। इनमें विभिन्न जरूरी सुविधाओं का समावेश होगा। पहले भवन में एक समेकित डिस्पेंसरी स्थापित की जाएगी.जिसमें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा कक्ष उपलब्ध होंगे। दूसरे भवन में सूचना परिसर और कैफेटेरिया बनाया जाएगा जबकि तीसरे भवन में लोक निर्माण विभाग का कार्यालय और चौथे भवन में उद्यान विभाग का कार्यालय स्थापित किया जाएगा।

इन सभी भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाएगा। इससे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि इन भवनों के निर्माण से लोक भवन परिसर में विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आमजन को भी त्वरित और बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। समेकित सुविधाओं से समय और संसाधनों की बचत होगी तथा कार्यों में दक्षता आएगी।
सीएम धामी ने इसे सुशासन की दिशा में एक अहम पहल बताते हुए कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की मौजूदगी से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा। इससे नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और तेज सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक वास्तुकला को अपनाने से स्थानीय संसाधनों और कारीगरों को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।






