Lucknow City

लखनऊ में गूंजेगी ‘बाबा साहब’ की आवाज, शुरू हुआ हाईटेक लाइट एंड साउंड शो

अम्बेडकर स्मारक में 18.40 करोड़ की लागत से तैयार किया गया प्रोजेक्ट, अब हर शाम 7:30 बजे दिखेगा अम्बेडकर के संघर्ष से संविधान तक का सफर

लखनऊ, 6 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल अब एक भव्य स्मारक के साथ ही इतिहास, प्रेरणा और तकनीक का संगम बन गया है। यहां शुरू हुए अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो ने इस स्थल को नई पहचान दे दी है। इस पहल के जरिए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों को प्रभावशाली अंदाज में जीवंत किया जा रहा है।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर करीब 18.40 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आधुनिक तकनीक से लैस यह शो बाबा साहब के बचपन से लेकर भारतीय संविधान के निर्माण तक की यात्रा को रोचक दृश्यों, प्रकाश प्रभाव और दमदार ध्वनि के माध्यम से प्रस्तुत करता है।

WhatsApp Image 2026-05-06 at 8.30.22 AM

इसकी खास बात यह है कि शो में देश के प्रसिद्ध वॉइस ओवर आर्टिस्ट हरीष भिमानी की आवाज सुनाई देगी। यह दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती है। महाभारत सीरियल में ‘समय’ की आवाज के रूप में पहचान बना चुके भिमानी की दमदार प्रस्तुति इस शो को और भी प्रभावशाली बनाती है।

यह करीब 30 मिनट का शो एक लघु फिल्म के माध्यम से बाबा साहब के जीवन संघर्ष को दिखाने के साथ देशभक्ति गीतों के जरिए दर्शकों में ऊर्जा और गर्व का भाव भी जगाता है। इसके लिए 6 हाई-पावर प्रोजेक्टर लगाए गए हैं। इनकी क्षमता 30,000 ल्यूमेन्स है। इससे उच्च गुणवत्ता के दृश्य अनुभव सुनिश्चित होते हैं।

WhatsApp Image 2026-05-06 at 8.30.22 AM (1)

25 अप्रैल से ट्रायल रन के बाद अब यह शो प्रतिदिन शाम 7:30 बजे आम जनता के लिए खोला गया है। इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अम्बेडकर के विचारों सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा से जोड़ना है। इसके साथ ही बच्चों के लिए एक विशेष प्ले-एरिया भी विकसित किया जा रहा है। इससे परिवार के साथ आने वाले आगंतुकों को संपूर्ण अनुभव मिल सके। यह पहल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ समाज में जागरूकता और प्रेरणा का एक मजबूत माध्यम भी साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button