स्पोर्ट्स डेस्क, 6 मई 2026:
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी असर दिखाया और टीम ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 155 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत ठीक नहीं रही। टीम ने 45 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सिर्फ छह रन बनाकर आउट हुए, जबकि उर्विल पटेल 17 रन बनाकर चलते बने।
इसके बाद संजू सैमसन और कार्तिक शर्मा ने पारी को संभाला। दोनों ने पहले विकेट बचाने पर ध्यान दिया, फिर धीरे-धीरे रन गति बढ़ाई। सैमसन ने अर्धशतक पूरा करने के बाद आक्रामक अंदाज अपनाया और बड़े शॉट लगाने शुरू किए। उन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 87 रन बनाए, जिसमें सात चौके और छह छक्के शामिल रहे। कार्तिक शर्मा ने भी उनका अच्छा साथ दिया और 31 गेंदों पर 41 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी हुई, जिसने मैच पूरी तरह चेन्नई की तरफ मोड़ दिया।

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और 11 ओवर में 69 रन तक पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
पाथुम निसांका, केएल राहुल, करुण नायर और नीतीश राणा बड़ी पारी नहीं खेल सके। कप्तान अक्षर पटेल भी फॉर्म में नजर नहीं आए। मध्यक्रम में ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी ने पारी संभाली। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी हुई। रिजवी ने 24 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए, जबकि स्टब्स ने 38 रन जोड़े। अंत में आशुतोष शर्मा ने तेज 14 रन बनाकर स्कोर 155 तक पहुंचाया।

चेन्नई की ओर से नूर अहमद ने दो विकेट लिए। अकील हुसैन, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और जैमी ओवरटन को एक-एक सफलता मिली। इस जीत के साथ चेन्नई ने 10 मैचों में पांचवीं जीत दर्ज की और 10 अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई। वहीं दिल्ली 10 मैचों में चार जीत के साथ आठ अंक लेकर सातवें नंबर पर बनी हुई।






