Gorakhpur

सीएम ने शिक्षामित्रों को सौंपा बढ़ा मानदेय… गोरखपुर को दी 613 करोड़ की सौगात

राज्यस्तरीय समारोह में 1.43 लाख शिक्षामित्रों का सम्मान, कई को चेक दिए गए, शहर में 71 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, नए पुल और कल्याण मंडपम से सुविधाएं बढ़ेंगी

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 6 मई 2026:

गोरखपुर में आयोजित बेसिक शिक्षा विभाग के राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों के मानदेय और सुविधाओं से जुड़े बड़े फैसले गिनाए, साथ ही शहर को 613 करोड़ रुपये की 71 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।कार्यक्रम में शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया और चयनित लोगों को बढ़े मानदेय के चेक भी सौंपे गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में 3,500 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार किया गया मानदेय अब 18 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जो अप्रैल से लागू है। करीब डेढ़ लाख शिक्षामित्र परिवारों को इससे राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी शिक्षामित्रों को सालाना 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवर दिया जाएगा, जिनका पंजीकरण छूट गया है उन्हें भी जोड़ा जाएगा।

WhatsApp Image 2026-05-05 at 5.38.44 PM (1)

कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षामित्रों से जुड़े मुद्दों को टकराव के बजाय संवाद से हल किया है। साथ ही शिक्षकों और शिक्षामित्रों से अपील की कि वे सकारात्मक माहौल में काम करें, क्योंकि नकारात्मक सोच का असर सीधे बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है।

बेसिक शिक्षा में बदलाव का जिक्र करते हुए बताया गया कि स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं पहले 30-36 फीसदी थीं, जो अब 96-99 फीसदी तक पहुंच गई हैं। ड्रॉपआउट दर 19 फीसदी से घटकर 3 फीसदी रह गई है। बड़ी संख्या में बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते, बैग और किताबें दी जा रही हैं।

समारोह में संगीता, प्रतिमा गुप्ता, फारिया तबस्सुम, तेजभान सिंह, धीरेंद्र कुमार शर्मा, संजय, शशि प्रभा सिंह, अभय कुमार, सुमन लता देवी, सर्वेश कुमार पांडे, अनुराधा, लालता प्रसाद, सोनू यादव और मीरा समेत कई शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया। इस दौरान ‘अरुणोदय’ गतिविधि कैलेंडर का विमोचन भी हुआ।

सीएम ने आज ही शहर के विकास से जुड़ी 71 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें सड़क, नाला, लाइटिंग, आवास और कार्यालय भवन जैसे काम शामिल हैं। लोकार्पित परियोजनाओं में जंगल बेनी माधव क्षेत्र में 5.03 करोड़ रुपये से बना नया कल्याण मंडपम प्रमुख रहा। करीब 3115 वर्गमीटर में बने इस भवन में बड़ा हाल, किचन, स्टोर, ड्रेसिंग रूम और डॉरमेट्री जैसी सुविधाएं हैं। इसे कम और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के कार्यक्रमों के लिए तैयार किया गया है।

WhatsApp Image 2026-05-05 at 5.38.45 PM (1)

तारामंडल इलाके में 14.33 करोड़ रुपये की लागत से बना 112 मीटर लंबा टूलेन ब्रिज भी शुरू किया गया। 7.5 मीटर चौड़ी सड़क और दोनों ओर फुटपाथ वाले इस पुल से वसुंधरा एंक्लेव के अलग-अलग हिस्सों के बीच दूरी कम होगी और ट्रैफिक दबाव घटने की उम्मीद है।

शिलान्यास की गई योजनाओं में 269.63 करोड़ रुपये का एकीकृत मंडलीय कार्यालय, 172.86 करोड़ रुपये का कुश्मी एवेन्यू अपार्टमेंट, सोनौली मार्ग पर प्रवेश द्वार, वसुंधरा एंक्लेव से पैडलेगंज तक सड़क चौड़ीकरण, रामगढ़ताल रिंग रोड पर रिटेनिंग वॉल, गुरुकुल सिटी फेज-1 में सड़क निर्माण और गुलरिहा से भटहट मोड़ तक डेकोरेटिव लाइटिंग शामिल हैं।

कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ला, राजेश त्रिपाठी, विमलेश पासवान, श्रवण निषाद, चारु चौधरी, सहजानंद राय, जनार्दन तिवारी, राजेश गुप्ता, पार्थ सारथी सेन शर्मा और मोनिका रानी समेत कई लोग मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button