Gorakhpur

Gorakhpur News : प्लॉट दिखाया, 17.38 लाख लिए, बैनामा नहीं किया, रियल स्टेट कंपनी के निदेशक पर FIR

Land Fraud Case : गोरखपुर में जमीन दिलाने के नाम पर रकम लेने का मामला, पीड़ित ने मीकोसिटी रियल स्टेट के निदेशक अशोक यादव पर दर्ज कराई एफआईआर, रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत

गोरखपुर, 22 सितंबर 2026:

यूपी के गोरखपुर में जमीन दिलाने के नाम पर 17.38 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। खजनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी ठाकुर पाल ने मीकोसिटी रियल स्टेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मातिरशिया यादव उर्फ अशोक यादव के खिलाफ़ रामगढ़ताल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

प्लॉट पसंद आया तो शुरू हुई किस्तों में रकम देने की कहानी

ठाकुर पाल के मुताबिक, उन्हें गोरखपुर शहर में मकान बनाने के लिए जमीन की जरूरत थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात जमीन का कारोबार करने वाले मातिरशिया यादव उर्फ अशोक यादव से हुई। आरोप है कि अशोक यादव ने गोरखपुर के सीवटियर इलाके में प्लॉट दिखाया। उसने प्लॉट का क्षेत्रफल 1420 वर्ग फीट बताते हुए कीमत 1250 रुपये प्रति वर्ग फीट तय की और 36 आसान किस्तों में रकम लेने की बात कही। अशोक यादव ने उसे जमीन से जुड़ी खतौनी भी दिखाई, जिस पर मीकोसिटी रियल स्टेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, तारामंडल, गोरखपुर का नाम दर्ज था।

पहले एक लाख नकद, फिर खाते में भेजे 11.38 लाख

उसने अशोक यादव को एक लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद उसके बेटे श्रीभागवत पाल के कोटक महिंद्रा बैंक खाते से मीकोसिटी रियल स्टेट के ICICI Bank खाते में अलग-अलग तारीखों पर रकम भेजी गई। शिकायत में किए गए भुगतान का ब्योरा दिया गया है। इन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 11,38,202 रुपये भेजे गए। इसके अलावा करीब छह लाख रुपये नकद देने का भी दावा किया गया है। इस तरह 17,75,000 रुपये में तय जमीन की कीमत में से कुल 17,38,202 रुपये देने की बात कही गई है।

ये भी पढ़ें:

रकम लेने के बाद भी नहीं कराया बैनामा

पूरी रकम का बड़ा हिस्सा लेने के बाद भी अशोक यादव ने उसके नाम जमीन का बैनामा नहीं कराया। काफी दबाव बनाने पर उसे एक लिखित प्रमाण पत्र दिया गया। इसमें जमीन का बैनामा नहीं होने पर 18 प्रतिशत ब्याज के साथ रुपये वापस करने की बात लिखी गई थी। इस दस्तावेज पर गणेश दत्त यादव के हस्ताक्षर किये गए।

मीकोसिटी नाम से फर्जी कंपनी बनाई, सैकड़ों लोगों को ठगा

Meecos City Real Estate : ठाकुर पाल का कहना है कि अशोक यादव ने मीकोसिटी रियल स्टेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फर्जी कंपनी तैयार की और दूसरे लोगों की जमीन को अपनी कंपनी की जमीन बताकर दस्तावेज तैयार किए। शिकायत में ऐसे ही तरीके से सैकड़ों लोगों से ठगी कर अरबों रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया है।

थाने में सुनवाई न होने पर अपर पुलिस महानिदेशक से लगाई गुहार

पीड़ित ने अशोक यादव, उसके भाई रितिक यादव, मां और पत्नी पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने कार्रवाई करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। ठाकुर पाल ने थाने में सुनवाई न होने पर अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन से शिकायत की। इसके बाद मामले में रामगढ़ताल थाने में 20 सितंबर 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, रकम के लेनदेन और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें  Breaking... बाढ़ के बीच पूर्वांचल में योगी, बलिया में आसमान से रेस्क्यू मिशन पर नजर, देंगे कई सौगातें

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link