गोरखपुर, 17 मई 2026:
गर्मी शुरू होते ही ट्रेनों में पानी के नाम पर चल रहे खेल की परतें खुलने लगी हैं। गोरखपुर से गोंडा के बीच रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टास्क टीम ने जांच अभियान चलाकर 1,656 लोकल ब्रांड की पानी की बोतलें जब्त कीं। ये बोतलें ट्रेनों की बोगियों में बिक्री के लिए रखी गई थीं, जबकि इस रूट पर यात्रियों को केवल ‘रेल नीर’ उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
टीम ने आम्रपाली एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के जनरल कोचों की तलाशी ली। ट्रेन संख्या 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस से 252 बोतलें, 15566 वैशाली एक्सप्रेस से 36 बोतलें और 22551 से 372 बोतलें बरामद की गईं। सभी बोतलें बोगियों में लावारिस हालत में रखी मिलीं।
अभियान के दौरान गोरखपुर से गोंडा तक वेंडरों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। RPF ने जब्त की गई बोतलों को अलग-अलग स्टेशनों पर उतरवाया और संबंधित वेंडरों के साथ उन फर्मों के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति कर दी, जिनके जरिए यह पानी ट्रेनों तक पहुंचाया जा रहा था।
पहली टीम ने करीब 17,040 रुपये कीमत की पानी की बोतलें जब्त कीं। दूसरी टीम ने भी कई ट्रेनों की जांच में लगभग 16,080 रुपये मूल्य की अमानक पानी की बोतलें पकड़ीं। बता दें कि गर्मी बढ़ते ही ट्रेनों में पानी की मांग तेज हो जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ वेंडर 14 रुपये में मिलने वाले ‘रेल नीर’ की जगह लोकल ब्रांड की बोतलें 20 रुपये तक में बेच रहे हैं। इससे यात्रियों को अधिक कीमत चुकानी पड़ती है और गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।






