लखनऊ, 13 मई 2026:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विदेशी मुद्रा बचाने, पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने, अनावश्यक सोने की खरीद रोकने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की अपील के बाद यूपी में योगी सरकार ने इसे मिशन मोड में लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी ने उच्चस्तरीय बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए वीवीआईपी कल्चर पर सीधा प्रहार किया और मुख्यमंत्री, मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों के काफिलों में तत्काल 50 प्रतिशत वाहनों की कटौती के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी, अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के साथ बैठक में कहा कि वैश्विक हालात तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में ऊर्जा बचत और आर्थिक आत्मनिर्भरता अब केवल विकल्प नहीं बल्कि आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के आह्वान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
सीएम योगी ने सरकारी बैठकों, सेमिनारों और वर्कशॉप को अधिकतम वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए। राज्य सचिवालय और निदेशालयों की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें ऑनलाइन होंगी। औद्योगिक संस्थानों और बड़े स्टार्टअप्स में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी करने की तैयारी भी शुरू हो गई है।
सरकार ने सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे मनाने का भी फैसला किया है। मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की अपील की गई है। मुख्यमंत्री ने मेट्रो, पीएनजी, ईवी, कार पूलिंग और साइक्लिंग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है वहां उसका अधिकतम उपयोग होना चाहिए। पीक ऑवर में ट्रैफिक और ईंधन खपत कम करने के लिए दफ्तरों के समय को अलग-अलग बैचों में बांटने पर भी विचार किया जा रहा है।
विदेशी मुद्रा बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने अगले छह माह तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए विदेशों की बजाय उत्तर प्रदेश के किले, हेरिटेज साइट्स, ईको टूरिज्म स्पॉट और धार्मिक स्थलों को चुना जाए। विजिट माई स्टेट अभियान चलाकर प्रदेश के पर्यटन, खानपान और संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा।
योगी सरकार ने स्वदेशी और लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने का भी बड़ा अभियान छेड़ दिया है। त्योहारों और शादियों में ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को उपहार के रूप में प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अनावश्यक सोने की खरीद से बचने और खाद्य तेल के इस्तेमाल में कमी लाने की भी अपील की।
इसके साथ ही होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड संचालकों के साथ संवाद कर कम तेल वाले खाद्य पदार्थों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही रूफटॉप सोलर, पीएम सूर्य घर योजना, नेचुरल फार्मिंग और पीएनजी नेटवर्क विस्तार को भी मिशन मोड में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।






