Lucknow CityUttar Pradesh

UP में बाढ़ की ललकार, सरकार हर मोर्चे पर तैयार : 19 जिलों में 552 नावें उतरीं, 312 राहत शिविर

65 हजार से ज्यादा खाद्यान्न पैकेट और 3 लाख से अधिक लंच पैकेट बांटे गए, 1,976 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, 248 मेडिकल टीमें संभाल रहीं मोर्चा

लखनऊ, 1 सितंबर 2026:

यूपी में बाढ़ की चुनौती के बीच सरकार ने राहत और बचाव अभियान को युद्धस्तर पर तेज कर दिया है। प्रदेश के 19 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां प्रशासन की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित निकालने, भोजन और राहत सामग्री पहुंचाने तथा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर है। राहत आयुक्त कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल 549 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं, जबकि राहत एवं स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए 248 मेडिकल टीमें लगातार सक्रिय हैं। प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू और राहत कार्य के लिए 552 नाव एवं मोटरबोट लगाई गई हैं।

प्रभावित परिवारों तक भोजन पहुंचाने में तेजी

बाढ़ प्रभावित परिवारों तक भोजन पहुंचाने के लिए प्रशासन ने वितरण अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को 10,449 खाद्यान्न पैकेट और 6,368 लंच पैकेट वितरित किए गए। अब तक प्रदेश में 65,532 खाद्यान्न पैकेट और 3.08 लाख से अधिक लंच पैकेट बांटे जा चुके हैं। प्रशासन का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि बाढ़ से घिरे परिवारों तक किसी भी स्थिति में भोजन की कमी न होने पाए।

ये भी पढ़ें:

बीमारी के खतरे से निपटने को मैदान में मेडिकल टीमें

बाढ़ के बाद जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट है। प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमें भेजकर लोगों को जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सोमवार को 7,889 क्लोरीन टैबलेट और 3,302 ओआरएस वितरित किए गए। इसके जरिए दूषित पानी से होने वाली बीमारियों और डिहाइड्रेशन के खतरे को कम करने की कोशिश की जा रही है।

पशुधन की भी चिंता, 4,279 क्विंटल भूसा बांटा

राहत अभियान में बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ उनके पशुधन को भी शामिल किया गया है। मौजूदा समय में 21,336 पशु प्रभावित हैं। सोमवार को पशुओं के लिए 20 क्विंटल भूसा वितरित किया गया, जबकि बाढ़ की शुरुआत से अब तक कुल 4,279 क्विंटल भूसा बांटा जा चुका है।
up-flood-relief-19-districts-552-boats-medical-teams-food-distribution-rescue (2)

1,976 लोगों का रेस्क्यू, 106 राहत शिविर सक्रिय

प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया है। अब तक 1,976 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रभावितों के लिए 312 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 106 शिविर फिलहाल संचालित हैं। इन शिविरों में वर्तमान में 1,708 लोग रह रहे हैं।

राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक राहत अभियान के दौरान अब तक बाढ़ से किसी तरह की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन का फोकस प्रभावित इलाकों में राहत, रेस्क्यू, भोजन, स्वास्थ्य और पशुओं के लिए जरूरी संसाधनों की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने पर है।

इन 19 जिलों में बाढ़ का असर

31 अगस्त तक अमरोहा, अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बाराबंकी, बदायूं, चंदौली, फर्रुखाबाद, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कन्नौज, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, प्रयागराज, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी बाढ़ प्रभावित जिलों में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें  नगर निगम की नई पहल: सीनियर सिटीजन केंद्र बनकर तैयार, जल्द होगा उद्घाटन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button