प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 15 मई 2026:
विश्व प्रसिद्ध मलिहाबाद दशहरी आम का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 18 मई को मलिहाबाद से दशहरी आम की पहली खेप दिल्ली की आजादपुर मंडी पहुंचेगी। इसके साथ ही देश की सबसे बड़ी फल मंडी में आम का कारोबार पूरी तरह रफ्तार पकड़ लेगा।
दिल्ली मंडी में शुक्रवार को गुजरात से आए दशहरी, केसर और गोल्डेन दशहरी की अच्छी आमद रही। व्यापारियों के मुताबिक गुजरात के दशहरी की 10 किलो की पेटी 700 से 1300 रुपये के बीच बिकी। केसर आम 900 से 1300 रुपये प्रति डिब्बा बिका, जबकि गोल्डेन दशहरी के दाम 1100 से 1500 रुपये प्रति पेटी तक पहुंचे।

इन शुरुआती भावों ने मलिहाबाद के कारोबारियों की उम्मीद बढ़ा दी है। उनका मानना है कि मलिहाबाद का दशहरी स्वाद, खुशबू और मिठास में अलग पहचान रखता है, इसलिए इसे गुजरात के आमों से बेहतर दाम मिल सकते हैं। व्यापारी संजीत सिंह ने बताया कि यहां का दशहरी बाजार में प्रीमियम क्वालिटी के तौर पर जाना जाता है। यही वजह है कि दिल्ली समेत देश के बड़े शहरों में इसकी मांग हमेशा बनी रहती है।
इस बार गुजरात के केसर और दशहरी ने पहले ही मंडी में दस्तक दे दी है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है। हालांकि आम कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि मलिहाबाद की मिट्टी, मौसम और पारंपरिक बागवानी इसके स्वाद को खास बनाती है। बाजार सूत्रों के अनुसार, अच्छी क्वालिटी वाले मलिहाबाद दशहरी की शुरुआती 10 किलो की पेटी 1200 से 1800 रुपये या इससे अधिक भाव पर खुल सकती है।

आम उत्पादकों का कहना है कि इस सीजन में पैदावार कुछ कम है, लेकिन फल की गुणवत्ता काफी बेहतर है। इसी वजह से शुरुआती दिनों में अच्छी क्वालिटी के आमों को मजबूत दाम मिलने की संभावना है। आम प्रेमियों के लिए राहत की बात यह है कि इस बार दशहरी का सीजन थोड़ा पहले शुरू हो रहा है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे मलिहाबाद के आम की आवक बढ़ेगी, बाजार में भाव स्थिर होने की उम्मीद है, लेकिन शुरुआत में बेहतरीन क्वालिटी वाले आम ऊंचे दाम पर बिक सकते हैं।






