Ayodhya

महंगाई पर कांग्रेस का विरोध मार्च… गैस सिलेंडर उठाया, पैदल धकेली बाइक, गूंजते रहे नारे

कमला नेहरू भवन से निकला विरोध मार्च रिकाबगंज चौराहे पर पहुंचकर प्रदर्शन में बदला, महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने पेट्रोल, डीजल, गैस और रोजमर्रा की चीजों के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार पर बोला तीखा हमला

अयोध्या, 18 मई 2026:

महंगाई के मुद्दे पर अयोध्या में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस भी सड़क पर उतर आई। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमला नेहरू भवन से विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कुछ कार्यकर्ता हाथ मे सिलेंडर उठाए हुए थे। वहीं एक बाइक को पैदल धकेला जा रहा था।

कांग्रेस कार्यकर्ता रिकाबगंज चौराहे तक पहुंचे। यहां पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान राहुल गांधी जिंदाबाद और भाजपा सरकार मुर्दाबाद के नारे लगातार गूंजते रहे।

प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, कमर्शियल गैस और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इससे आम आदमी का घर चलाना मुश्किल हो गया है और उसकी कमर टूट चुकी है।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 2.49.57 PM

उन्होंने कहा कि जैसे ही थोड़ी आर्थिक परेशानी आती है, सरकार उसका बोझ सीधे जनता पर डाल देती है। गौतम ने तंज करते हुए कहा कि सरकार लोगों को खर्च कम करने, गाड़ी कम चलाने और सोना न पहनने जैसी सलाह दे रही है। उनका कहना था कि जो सरकार बड़े-बड़े वादों के साथ सत्ता में आई थी, वह आज लोगों को सस्ता ईंधन तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख कमजोर हुई है और भाजपा धर्म की आड़ लेकर अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।

प्रदर्शन में पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, कवींद्र साहनी, सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अशोक कुमार राय, विजय श्रीवास्तव, अशोक शर्मा, कल्लू शर्मा, चंचल सोनकर, राजकुमार पांडे, प्रवीन श्रीवास्तव व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button