
अनिल निषाद
अयोध्या, 10 सितंबर 2026:
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात अब तेजी से सजने लगी है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रामनगरी अयोध्या पहुंचे भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं अवध प्रांत प्रभारी दिलीप पटेल ने गुरुवार को सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से मंथन हुआ।
क्षेत्रवार संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की जानकारी लेते हुए दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ मैदान में जुटने का संदेश दिया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
विपक्षी नेताओं की यात्राओं को लेकर दिलीप पटेल ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल को यात्रा निकालने का अधिकार है लेकिन इन यात्राओं का जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला। उनके मुताबिक प्रदेश का नौजवान, किसान, माताएं-बहनें, व्यापारी और बुद्धिजीवी वर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास करता है और मोदी के मार्गदर्शन में योगी के नेतृत्व में भाजपा दोबारा सत्ता में आएगी।

आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है और आरक्षण संवैधानिक व्यवस्था है। सरकार बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास करेगी। वहीं अखिलेश यादव और राहुल गांधी की कथित ‘दो लड़कों की जोड़ी’ पर तंज कसते हुए दिलीप पटेल ने कहा कि 2017 और 2022 में भी ऐसी जोड़ी कोई कमाल नहीं कर पाई। उन्होंने दावा किया कि यूपी की जनता ‘मोदी-योगी की जोड़ी’ और विपक्ष की जोड़ी का अंतर समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का भविष्य किसके हाथों में सुरक्षित है, इसका फैसला जनता करेगी। भाजपा फिलहाल संगठन को और मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी में जुटी है।






