
हरदोई, 10 सितंबर 2026:
यूपी के हरदोई में सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकील ने एक महिला पर Facebook के जरिए दोस्ती कर अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे कई बार रकम वसूली गई। यही नहीं मारपीट कर सोने की चेन व अंगूठी छीन ली। मामले में संडीला पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
फेसबुक दोस्ती के बाद शुरू हुई वीडियो कॉल
संडीला में रहने वाले वकील आदित्य कुमार के मुताबिक Facebook के जरिए उसकी दोस्ती स्वेता नाम की महिला से हुई। आरोप है कि महिला ने फर्जी नाम से Facebook ID बना रखी थी। दोस्ती के बाद उसने आदित्य का मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद फोन पर बातचीत होने लगी। एक दिन महिला ने उसे वीडियो कॉल किया। अगले दिन उसने बाथरूम से वीडियो कॉल की। इस दौरान महिला ने अपना अर्धनग्न शरीर दिखाया। आदित्य का कहना है कि उसे उस समय पता नहीं था कि वीडियो कॉल की screen recording की जा रही है।
वीडियो भेजकर मांगे 50 हजार रुपये
शिकायत के मुताबिक कुछ दिन बाद महिला ने वही वीडियो आदित्य को भेजा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये मांगे गए। आदित्य का कहना है कि बदनामी के डर से वह 30 हजार रुपये देने के लिए संडीला के एक रेस्टोरेंट पहुंचा। वहां महिला ने उसके साथ फोटो खींची, रकम लेने के बाद चली गई।
20 हजार की मांग पर भाई-जीजा को भेजे फोटो
आदित्य ने शिकायत में बताया कि महिला ने फिर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 हजार रुपये मांगे। रकम देने में देर हुई तो उसके भाई व जीजा के पास कुछ फोटो भेज दिए गए। आरोप है कि महिला ने जल्द लखनऊ आकर पैसे देने को कहा, वरना फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। वह महिला के बताए पते पर रकम देने पहुंचा। वहां कमरे में महिला के साथ तीन अज्ञात लड़कियां व दो युवक मौजूद थे। आरोप है कि महिला ने उसके साथ जबरदस्ती अश्लील फोटो-वीडियो बनवाए। इसके बाद उसने कहा कि अब वह उसका पीछा छोड़ देगी।
50 हजार मांगे, 25 हजार दिए तो पीट डाला
आदित्य का आरोप है कि महिला ने एक बार फिर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस बार 50 हजार रुपये मांगे गए। वह 25 हजार रुपये लेकर बेगमगंज सरकारी अस्पताल के पास संडीला रोड पर पहुंचा। आरोप है कि महिला लखनऊ से कार में आई थी। उसके साथ तीन लड़कियां व तीन अज्ञात युवक भी थे। रुपये कम होने की बात कहकर महिला व उसके साथ आए लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान उसके हाथ की सोने की अंगूठी व गले की चेन जबरन निकाल ली गई।
शादी तय होने की जानकारी मिलते ही फिर मांगे एक लाख
इधर जब आदित्य की सगाई हुई और शादी की तारीख भी तय हो गई है। इसकी जानकारी महिला को सोशल मीडिया के जरिए मिली। इसके बाद उसने आदित्य की होने वाली पत्नी के पास फोटो व वीडियो भेजे। अब इन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। उसका कहना है कि इस वजह से वह मानसिक तनाव में है। परिवार में भी परेशानी बढ़ गई है। उसे अपनी शादी टूटने की आशंका है।
महिला पर सोशल मीडिया गिरोह से जुड़े होने का आरोप
आदित्य ने एक पुराने मुकदमे का जिक्र करते हुए महिला पर कई लड़कियों व लड़कों के साथ मिलकर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को फंसाने वाले गिरोह से जुड़े होने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि लोगों को वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रकम वसूली जाती है।






