
हरदोई, 4 अगस्त 2026:
हरदोई के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 9वीं की छात्रा की जान चली गई। भीहगांव निवासी 14 वर्षीय रागिनी अपनी सहेली कामिनी के साथ मोहल्ले की किराना दुकान से सामान लेने निकली थी। दोनों पैदल जा रही थीं कि अचानक सड़क किनारे लगा बिजली का पोल रागिनी के सिर पर गिर पड़ा। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
बिजली का तार फंसने पर भी नहीं रुकी डीसीएम
जानकारी के मुताबिक एक दुकान पर सामान उतारने के लिए पहुंची डीसीएम गाड़ी आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार वाहन के एंगल में फंस गया। तार में जोरदार खिंचाव होने से सड़क किनारे मिट्टिनमे धंसा बिजली का पोल अचानक नीचे आ गिरा। उसी समय वहां से गुजर रही रागिनी उसकी चपेट में आ गई।
सहेली एक कदम आगे बढ़ी, रागिनी संभल नहीं पाई
CCTV फुटेज में दोनों सहेलियां हाथ पकड़कर जाती दिखाई देती हैं। पोल उखड़ने की आवाज सुनते ही कामिनी घबराकर आगे की ओर दौड़ गई। रागिनी कुछ समझ पाती, इससे पहले ही पोल उसके सिर पर आ गिरा। महज तीन सेकेंड में पूरा हादसा हो गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
25 सेकेंड तक पोल के नीचे दबी रही छात्रा
हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोगों को पहले करंट लगने का डर था, इसलिए कोई तुरंत पास नहीं पहुंचा। करीब 25 सेकेंड बाद कुछ लोगों ने बांस की मदद से पोल उठाया। इसके बाद एक युवक ने रागिनी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घर में मचा कोहराम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देखकर मां साधना बेसुध हो गईं। परिवार का कहना है कि रागिनी पढ़ाई में काफी होनहार थी। घर से सिर्फ सामान लेने निकली थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
चालक गाड़ी छोड़कर फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






