Hardoi News : लोहे की सीढ़ी हाईटेंशन लाइन से टकराई, दो युवकों की चली गई जान
शराब के ठेके पर CCTV कैमरा लगाने जा रहे थे युवक, पेट्रोल पंप के पास ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई सीढ़ी, मेहनतकश बेटों की मौत से सदमे में डूबे परिवार

हरदोई, 8 अक्टूबर 2026:
यूपी के हरदोई जिले में सवायजपुर क्षेत्र में लोहे की सीढ़ी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छू गई। करंट की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों रूपापुर में शराब के ठेके पर CCTV कैमरा लगाने जा रहे थे। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
हादसा बुधवार रात रूपापुर-पाली मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतकों की पहचान सूरज (24) निवासी कंजरपुरवा और अजय (25) निवासी मुंडेर के रूप में हुई है। दोनों मुंडेर से पैदल रूपापुर की तरफ जा रहे थे। उनके साथ लोहे की सीढ़ी थी। पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर सीढ़ी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से छू गई। लाइन के संपर्क में आते ही दोनों करंट की चपेट में आकर झुलस गए और सड़क पर गिर पड़े।
सीएचसी से जिला अस्पताल भेजे गए
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर ले गई। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

आठ साल पहले हुई थी सूरज की शादी
सूरज की शादी करीब आठ साल पहले नीलम से हुई थी। उसकी एक साल की बेटी अर्पिता है। परिजनों के मुताबिक सूरज रूपापुर में जूता पॉलिश कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद पत्नी और छोटी बेटी के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार के सदस्य देर तक हॉस्पिटल के बाहर ही बिलखते रहे।
कबाड़ बीनकर गुजारा करता था अजय
अजय अविवाहित था। वह कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करता था। दोनों की मौत की खबर परिवारों तक पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। शुरुआती जांच में हादसे की वजह लोहे की सीढ़ी के 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आना बताई जा रही है।
तो शायद बच सकती थी जान
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक सीढ़ी को ऐसे पकड़े थे कि उसका काफी हिस्सा उनके सिर से ऊपर था। अगर उसे लिटाकर पकड़ते और एक आगे और दूसरा पीछे चल रहा होता तो सीढ़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट में न आती न ही आगे बढ़ते समय दोनों का ध्यान ऊपर से गुजरे तारों की तरफ गया वरना शायद जान बच जाती।






