Uttarakhand

पहाड़ों पर भी आसमान से बरस रही आग… घर से बाहर न निकलने की सलाह, एडवाइजरी जारी

उत्तराखंड में लगातार बढ़ते तापमान व हीटवेव को लेकर अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर किए जारी

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 21 मई 2026:

उत्तर भारत के साथ ही पहाड़ों पर भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। यहां भी लोग गर्मी से परेशान हैं। उत्तराखंड में लगातार बढ़ते तापमान व हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधमसिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। मैदानी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका जताई गई है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और चिकित्सा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

चिकित्सकों की सलाह है कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। आवश्यक कार्य से बाहर जाना पड़े तो सिर को ढककर रखें और हल्के सूती कपड़ों का उपयोग करें। साथ ही शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, नारियल पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।

उन्होंने कहा कि चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी चिकित्सालय में संपर्क करें, क्योंकि समय पर इलाज न मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। वहीं, जिला प्रशासन ने भी हीट वेव से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की। साथ ही आमजन की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। लोग 2726066, 2626066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button