हरिद्वार, 24 मई 2026:
उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा नदी का तेज बहाव दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था लेकिन एसडीआरएफ के जवानों ने साहस और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित बचाकर बड़ा हादसा टाल दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन ने वहां मौजूद लोगों को जवानों की बहादुरी का मुरीद बना दिया।
जानकारी के अनुसार युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया। बहते हुए हाथी पुल के नीचे लगी लोहे की जंजीरों में फंस गया। युवक मदद के लिए चीख-पुकार करने लगा। मौके पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

तेज धारा, फिसलन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवान नदी में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए युवक की पहचान शत्रुघ्न निवासी देहरादून के रूप में हुई।
रेस्क्यू अभियान के दौरान ही एक अन्य युवक भी गंगा की धारा में डूबने लगा। एसडीआरएफ टीम ने तुरंत दूसरी कार्रवाई करते हुए उसे भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एसडीआरएफ की तत्परता और साहस से दोनों युवकों की जान बच सकी।
घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ टीम की सराहना की।
एसडीआरएफ के सेनानायक ने लोगों से कहा कि गंगा नदी अथवा अन्य जलधाराओं में केवल चिन्हित और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नदी का बहाव कभी भी तेज और अप्रत्याशित हो सकता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।






