Uttarakhand

मौसम लेगा यू-टर्न : भीषण गर्मी के बाद अब बारिश, ओलावृष्टि व तूफानी हवाओं का डबल अटैक

उत्तराखण्ड में 28 और 29 मई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, 60 किमी प्रति घंटा तक चल सकती हैं तेज हवाएं, भारी बारिश और बिजली को लेकर हाई अलर्ट पर प्रशासन

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 27 मई 2026:

उत्तराखण्ड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। देहरादून के मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान ने साफ संकेत दिए हैं कि प्रदेश में मौसम अब तेजी से करवट लेने जा रहा है। आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई के लिए कई जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर प्रशासन और आम जनता को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की स्थिति बनने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें:

29 मई को मौसम और अधिक उग्र रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश की चेतावनी दी है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

Advertisement

इसके अलावा ओलावृष्टि और तेज तूफानी हवाएं भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। प्रदेश में 30 और 31 मई को भी येलो अलर्ट जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। इधर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने और राहत-बचाव संसाधनों को तैयार रखने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  आजादी के जश्न में डूबा उत्तराखंड, धामी ने फहराया ध्वज, लोगों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link