Uttar Pradesh

144 दिन की फरारी, सोशल मीडिया पर बेकसूर होने की सफाई… आखिरकार पकड़ा गया दरोगा

14 साल की किशोरी से किया था गैंगरेप, मामले में दरोगा के साथ रहा यूट्यूबर पहले ही जेल भेजा जा चुका, फरार चल रहे दरोगा की तलाश में कई टीमें लगी थीं, घर पर चस्पा की गई थी कुर्की की नोटिस

कानपुर, 29 मई 2026:

कानपुर में नाबालिग लड़की से गैंगरेप के मामले में फरार चल रहे आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्या को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे सचेंडी इलाके से पकड़ा। फरारी के दौरान कुर्की की नोटिस चस्पा होने पर आरोपी दरोगा सोशल मीडिया पर अपनी सफाई भी दे रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 5 जनवरी को सचेंडी क्षेत्र की 14 साल की किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। रात साढ़े नौ बजे वारदात हुई थी।आरोप में दरोगा अमित कुमार मौर्या और यूट्यूबर शिवबरन यादव का नाम आया था। घटना के बाद पुलिस ने यूट्यूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दरोगा फरार चल रहा था। उसकी तैनाती भीमसेन चौकी पर थी।

मामले के बाद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें लगाई गई थीं। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर मुख्यालय संकल्प शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को सचेंडी पुलिस ने आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस इस मामले में पहले ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। आरोपी के घर पर कुर्की की नोटिस भी चस्पा कराई गई थी और उसे कोर्ट में पेश होने के लिए 30 अप्रैल का समय दिया गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुआ था।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button