Uttar Pradesh

मोदी सरकार के 12 साल… UP में 17 दिन का महाअभियान, गांव-गांव पहुंचेगी प्रगति पथ यात्रा

5 से 21 जून तक विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान, हर विधानसभा क्षेत्र में 10 किमी यात्रा, जनकल्याण मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और होंगे योग दिवस कार्यक्रम

लखनऊ, 30 मई 2026:

केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यूपी में 5 जून से 21 जून तक विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि इसे केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, गरीब कल्याण, सामाजिक न्याय, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अभियान के जरिए इन उपलब्धियों और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान कल्याण, महिला सुरक्षा, युवा सशक्तीकरण, रोजगार, निवेश, आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए बदलावों को प्रमुखता से पेश किया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।

बैठक में तय किया गया कि 5 से 21 जून के बीच प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर लंबी ‘प्रगति पथ यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधि गांवों में रात विश्राम करेंगे, चौपाल लगाएंगे और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। ग्राम्य विकास विभाग इसके समन्वय की जिम्मेदारी संभालेगा, जबकि सांसद और विधायक सक्रिय भागीदारी करेंगे।

Advertisement

12 Years of Modi Govt A New Era in Development (1)

8 से 14 जून तक जनसंपर्क अभियान, संवाद कार्यक्रम और पैदल मार्च आयोजित होंगे। 11 और 12 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जबकि 13 और 14 जून को सांसद और विधायक अपने क्षेत्रों में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाएंगे।

14 से 16 जून के बीच प्रदेशभर में जनकल्याण मेलों का आयोजन होगा जहां केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां लगेंगी। पात्र लेकिन वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। आरोग्य मेले, पशु स्वास्थ्य शिविर और अन्य जनहितकारी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

16 और 17 जून को जिला स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन होंगे, जबकि 18 और 19 जून को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के सभी 825 विकास खंडों और 700 से अधिक नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त उत्तर प्रदेश के लिए भी विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान जनता से सीधे संवाद स्थापित कर विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को जनआंदोलन में बदलने का माध्यम बने।

READ MORE

ये भी पढ़ें  मोदी सरकार के 12 वर्ष : UP में विकास, विश्वास व सुशासन का महोत्सव, लखनऊ से वाराणसी तक भव्य आयोजन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link